ठाणे/पालघर (महाराष्ट्र)। घटिया चिकित्सा उपकरण और सर्जिकल दस्ताने सप्लायर रैकेट पकड़ा गया है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 2.17 करोड़ से अधिक मूल्य के चिकित्सा उपकरण और दवाओं का भंडार जब्त किया। इसमें गैर-कीटाणुरहित दस्तानों को अस्पतालों में आपूर्ति की जा रही थी।
यह है मामला
एफडीए ने भिवंडी स्थित एक चिकित्सा उपकरण निर्माण संयंत्र का निरीक्षण किया। इसमें गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली सहित विनिर्माण प्रोटोकॉल के गंभीर उल्लंघन पाए गए। 9.88 लाख रुपये मूल्य के सर्जिकल दस्तानों का स्टॉक जब्त कर लिया है। कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। एफडीए ने मुंबई के साकी नाका स्थित साची मेडिक पर भी छापा मारा। यह बिना पंजीकरण के चल रहा था। उसने अवैध रूप से मलेशिया से लाखों सर्जिकल दस्ताने आयात किए थे। उन्हें बिना लाइसेंस के स्टोर कर रखा था।
ये गैर-कीटाणुरहित दस्ताने अनधिकृत बिक्री के लिए भेजे जा रहे थे। एफडीए की टीमों ने 74.85 लाख रुपये मूल्य के सर्जिकल दस्ताने जब्त किए। रिकॉर्ड से पता चलता है कि इनकी आपूर्ति पहले ही नगर निगम अस्पतालों को की जा चुकी थी। पालघर के वाडा स्थित मेडीअर्थ लाइफकेयर पर छापेमारी में पता चला कि कंपनी ने गैर-कीटाणुरहित दस्ताने खरीदे। उन्हें बिना किसी प्रसंस्करण के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को कीटाणुरहित बताकर आपूर्ति की।
वाडा स्थित संयंत्र में 1.26 करोड़ रुपये मूल्य के गैर-कीटाणुरहित पट्टी के कपड़े के स्टॉक पर प्रतिबंध लगा दिया। इन पर महाराष्ट्र सरकार की आपूर्ति – बिक्री के लिए नहीं अंकित था। सरकारी आपूर्ति के समान लेबल वाली 6.17 लाख रुपये मूल्य की एलोपैथिक दवाएं जब्त की गईं। सुविधा केंद्र के पास वैध थोक दवा लाइसेंस नहीं था।










