पटना (बिहार)। मेडिकल स्टोर पर सरकारी दवाओं की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। मरीजों को मुफ्त मिलने वाली सरकारी दवाएं एक बार फिर मेडिकल स्टोरों में पाई गईं। औषधि विभाग की टीम ने राजाबाजार स्थित दो दुकानों पर रेड की। न्यू जनता मेडिकल स्टोर व थोक विक्रेता न्यू चंदन फार्मा में निरीक्षण किया।
न्यू जनता से आइजीआइएमएस को आपूर्ति किए गए नौ मेडिकल डिवाइस मिले। वहीं बीएमएसआइसीएल द्वारा आपूर्ति किए गए नौ इंजेक्शन बरामद किए। बड़ी मात्रा में एक्सपायर हो चुकी दवाएं भी जब्त की गईं।
वहीं, न्यू चंदन फार्मा में एक्सपायरी दवाएं, सेल बिल नहीं काटने की शिकायत मिली। दो ऐसी दवाएं मिलीं जिनका क्यूआर कोड स्कैन नहीं हो रहा था। इन दोनों दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी है। दो-दो स्ट्रिप कंपनी को जांच के लिए भेजी हैं। कंपनी का जवाब आने के बाद पता चलेगा कि दवा नकली है असली। दुकान संचालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। शिकायत मिली थी कि गत दो वर्षों से बिचौलियों का एक नेटवर्क सरकारी दवाओं की खरीद-बिक्री में लगा था। अब इसकी जांच की जा रही है।
दुकानदार ने कहा-आयुष्मान मरीज दे जाते दवा
न्यू जनता के संचालक आफताब ने बताया कि वे आइजीआइएमएस में आने वाले आयुष्मान रोगियों के लिए दवाएं बेचने को संस्थान से सम्बद्ध हैं। इलाज के बाद जो दवाएं बच जाती हैं, मरीज वापस कर जाते हैं।
हालांकि, औषधि विभाग मामले की जांच कर रही है। वहीं, कई एक्सपायरी दवाएं भी मिली हैं। सरकारी दवाओं से नाट फार सेल हटाकर बाजार में बेचा जा रहा था। कुछ मामलों में एक्सपायरी तिथि बदलकर दोबारा बिक्री करने की आशंका है।










