फफूंद (औरैया)। बी फार्मा छात्र को अवैध रूप से अस्पताल चलाते पकड़ा गया है। पाता बाईपास पर बिना पंजीकरण के संचालित अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने दबिश दी। शिकायत मिलने पर दिबियापुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने टीम के साथ छापा मारा। शिकायत सही पाए जाने पर अस्पताल को सील कर दिया।

यह है मामला

बाईपास पर एक दुकान में बी.फार्मा का छात्र बिना किसी वैध पंजीकरण के मरीजों का इलाज कर रहा था। शिकायत मिलने पर अधीक्षक डॉ. विजय आनंद मौके पर पहुंचे। एक युवक मरीजों को दवाइयां देता हुआ मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम उमाशंकर और बी. फार्मा प्रथम वर्ष का छात्र बताया। जांच के दौरान अस्पताल संचालन से संबंधित कोई वैध पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किए जा सके।

इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्काल अस्पताल को सील कर दिया। युवक को कड़ी चेतावनी दी है। इसकी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। अधीक्षक ने बताया कि बिना पंजीकरण के अस्पताल का वीडियो वायरल हुआ है। जांच में क्लीनिक का संचालन पूरी तरह अवैध पाया गया है।

सीएमओ कार्यालय में तैनात एक लिपिक को इसकी जानकारी थी। हर माह मोटी रकम पहुंचने पर उसके ऊपर कार्रवाई नहीं हो रही थी। वीडियो वायरल हुआ तो कार्रवाई हुई।