बगहा (उत्तर प्रदेश)। प्रतिबंधित कफ सिरप की ट्रक से तस्करी का मामला पकड़ में आया है। सीमा पर उत्पाद विभाग ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। धनहा चेक पोस्ट पर एक ट्रक से भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया है। पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है। बरामद कफ सिरप की कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
यह है मामला
उत्पाद थाना बगहा की टीम ने धनहा चेक पोस्ट पर विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक ट्रक की तलाशी ली गई। उसमें तहखाना बनाकर छिपाकर रखी गई 83 पेटी कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की। जब्त कफ सिरप की कुल मात्रा 996 लीटर बताई गई है। इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। बताया जा रहा है कि कोडीन युक्त कफ सिरप अफीम से बनाई जाती है।
यह भारत में पूरी तरह प्रतिबंधित है। बिना चिकित्सक की पर्ची के इस सिरप की बिक्री अपराध है। हालांकि, इसका उपयोग सूखी खांसी को दबाने के लिए किया जाता है। फिलहाल पुलिस ने नशे की खेप लदे इस ट्रक को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के बाद और भी खुलासे हो सकते हैं।










