बहराइच (उत्तर प्रदेश)। आयुर्वेदिक स्टोर की आड़ में नशीली दवाओं की बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। नेपाल सीमा से सटे रुपईडीहा कस्बे में पुलिस और औषधि प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी की। इसमें एक आयुर्वेदिक स्टोर से 2,349 बोतल कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। वहीं, 12,145 ट्रामाडोल कैप्सूल सहित आठ प्रकार की प्रतिबंधित दवाएं जब्त की हैं। पुलिस ने स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा है।
यह है मामला
पुलिस को सीमा पर नशीली दवाओं के कारोबार की सूचना मिल रही थी। इस पर टीम गठित कर स्टेशन रोड स्थित आदर्श आयुर्वेदिक औषधि स्टोर पर छापा मारा। जांच के दौरान स्टोर संचालक आदित्य कुमार मिश्रा वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। तलाशी में आठ बोरियों में भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं बरामद हुईं। मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। बरामद दवाओं को सील कर जांच के लिए भेजा गया है। जांच की जा रही है कि प्रतिबंधित दवाएं कहां से लाई गई। इसका वितरण किन लोगों तक किया जा रहा था। नेटवर्क की जांच कर उससे जुड़े लोगों को भी पकड़ा जाएगा।
छापे में इनकी हुई बरामदगी
2,349 बोतल (100-100 एमएल) कोडीनयुक्त कफ सिरप
12,145 ट्रामाडोल कैप्सूल
4.510 किलोग्राम निट्राजेट पीएम-10 टैबलेट
698 निट्राजोहम-10 एचएम टैबलेट
257 निटकोर-10 टैबलेट
509 एल्फ्राजोल टैबलेट
4 बोतल (400 एमएल) चोको डीएक्स कोडीनयुक्त कफ सिरप
64 एसपीएएस-वन कैप्सूल










