कैमूर। जीएनएम को ड्यूटी पर रील बनाने के चलते कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं। जिले के मोहनिया अनुमंडल अस्पताल में ड्यूटी के दौरान रील बनाने का मामला वायरल हुआ। आरोपी दो जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) से स्पष्टीकरण मांगा गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है।
यह है मामला
अस्पताल में कार्यरत जीएनएम रितु कुमारी और कांति जायसवाल का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ था। इस में दोनों स्वास्थ्यकर्मी मरीजों की देखभाल करने के बजाय रील बनाने में व्यस्त दिख रही थीं। यह मामला जिला पदाधिकारी तक पहुंचा। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन में हलचल हुई। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉक्टर प्रेम शंकर सिंह ने दोनों जीएनएम को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
नोटिस में कहा है कि इस गैर-जिम्मेदाराना कृत्य से सरकारी सेवा की मर्यादा पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगे हैं। ड्यूटी के समय ऐसी लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर सख्त कार्रवाई के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजा जाएगा।










