हाथरस। पंजीकरण के बिना चल रहा प्राइवेट अस्पताल बंद कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने सिकंदराराऊ में बेसमेंट के अंदर अवैध रूप से संचालित हो रहे श्रीकृष्णा हॉस्पिटल को सील कर दिया। यह अस्पताल बिना किसी कानूनी मान्यता के मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहा था।
यह है मामला
दिल्ली के तुगलकाबाद निवासी साजिद ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा था कि शिवकुमार यादव और अनीता यादव अवैध अस्पताल को चला रहे हैं। ये आरोपी दिल्ली के अलावा अलीगढ़, बुलंदशहर आदि जिलों में भी इसी तरह अवैध क्लीनिक चला रहे हैं। इनकी पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश अग्रवाल ने विशेष टीम का गठन किया।
टीम जब जांच के लिए श्रीकृष्णा हॉस्पिटल पहुंची, तो वहां कोई भी अधिकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। जांच टीम को अस्पताल के अंदर ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम, व चिकित्सा उपकरण भी मिले। मरीजों के पर्चे भी रखे थे। पंजीकरण न होने पर अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। सीएमओ ने बताया कि प्रकरण में आगे की वैधानिक व कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










