नई दिल्ली। नकली दवा रैकेट का सरगना गिरफ्तार करने का मामला सामने आया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुजफ्फरनगर के मोहम्मद अकदस सिद्दीकी के रूप में हुई है। वह जामिया मिलिया इस्लामिया से बीबीए पास है। एक अप्रैल को मुजफ्फरनगर स्थित फैक्ट्री में छापेमारी के बाद से फरार चल रहा था। आरोपित के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
ब्रांडेड दवा की बनाते थे नकल
इस मामले में पहले ही नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पता चला था कि गिरोह मुजफ्फरनगर में नामी कंपनियों की दवाओं की नकली पैकिंग तैयार करते थे। इन्हें बाजार मूल्य से करीब 60 प्रतिशत कम कीमत पर बेचते थे। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर फरार चल रहे अकदस को गिरफ्तार किया।
इनके निशाने पर कई नामी कंपनियों की दवाएं थीं। इनमें स्टेमेटिल एमडी, गैबापिन-एनटी , जोई-1, जोई एम-1, जोई एम-2, शेलकैल और सीसीएम शामिल हैं। ये दवाएं उल्टी, चक्कर, नसों के दर्द, कैल्शियम की कमी जैसी बीमारियों में इस्तेमाल होती हैं। पुलिस पूरे वित्तीय नेटवर्क की भी जांच कर रही है।










