नारनौल (हरियाणा)। नशीली दवा ट्रामाडोल के 1680 कैप्सूल सहित युवक अरेस्ट किया गया है। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की रेवाड़ी यूनिट ने यह कार्रवाई की। टीम ने आरोपित के कब्जे से एक बाइक भी बरामद की है। आरोपित के खिलाफ शहर थाना नारनौल में मामला दर्ज कर लिया है।
रेवाड़ी यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मबीर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। एएसआई सुरेश कुमार अपनी टीम के साथ नारनौल क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि एक व्यक्ति प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल सप्लाई करने आने वाला है।
पुलिस टीम ने नारनौल-निजामपुर बाइपास रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। उसके कब्जे से 1680 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके से उसकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान गांव पटीकरा निवासी प्रकाश के रूप में हुई है। उसके खिलाफ शहर थाना नारनौल में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है। उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।










