गया (बिहार)। नकली दवाओं का जखीरा बरामद किया गया है। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ नारकोटिक्स (सीबीएन) ने यह कार्रवाई की है। मुरारपुर में हुई छापेमारी में भारी मात्रा में संदिग्ध दवाएं बरामद हुई हैं। इस बड़े खुलासे के बाद स्थानीय दवा माफियाओं में दहशत का माहौल है। अधिकारी मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच में जुट गए हैं।

यह है मामला

मुरारपुर इलाके में सीबीएन की टीम ने अचानक दबिश दी। यहां से टीम को कथित रूप से नकली दवाओं का एक बड़ा स्टॉक मिला। इन दवाओं को जब्त कर लिया गया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

जांच अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने बताया कि यह कोई पहली कार्रवाई नहीं है। इससे पहले भी मानपुर, खजाहांपुर और बजाजा रोड जैसे अहम ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। उन ठिकानों से भी भारी मात्रा में कथित नकली दवाइयां जब्त की गई थीं। इसके साथ ही टीम के हाथ एक बेहद महत्वपूर्ण डायरी भी लगी थी। इसकी जांच की जा रही है। डायरी इस पूरे रैकेट का पर्दाफाश कर सकती है। इस डायरी में कई नामी डॉक्टरों और अस्पतालों के नाम दर्ज हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसी नेटवर्क के जरिए नकली दवाओं की सप्लाई की जाती थी।