सोनभद्र (उप्र)। सात अवैध अस्पताल और तीन पैथोलॉजी सेंटर सीज करने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी के खिलाफ अभियान चलाया। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.रमेश मिश्रा के नेतृत्व में रॉबर्ट्सगंज और घोरावल क्षेत्र में कार्रवाई की। इस दौरान सात अस्पतालों और तीन पैथोलॉजी केंद्रों को सीज कर दिया गया। वहीं, पांच अस्पतालों को कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं।
यह है मामला
डिप्टी सीएमओ डा.कीर्ति आजाद बिंद और डा. गुरु प्रसाद ने घोरावल व राबर्ट्सगंज में अस्पतालों का निरीक्षण किया। घोरावल स्थित कलावती क्लीनिक, विश्वास हॉस्पिटल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल और सम्राट हॉस्पिटल के ओपीडी एवं ऑपरेशन थियेटर को सीज किया गया।
गुड हेल्थ हॉस्पिटल तथा सीटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर भी सीज कर दिए गए। वहीं, उरमौरा स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल को भी सीज किया है। धनवंतरी हॉस्पिटल, आशीर्वाद हॉस्पिटल, कृष्णा हॉस्पिटल, न्यू यथार्थ हॉस्पिटल, ओम हॉस्पिटल उरमौरा तथा ओम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर रोडवेज बस स्टेशन, रॉबर्ट्सगंज को कमियां मिलने पर नोटिस सौंपे हैं।
अभियान के दौरान पैथोलॉजी एवं कलेक्शन सेंटरों की भी जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर न्यू अंशिका पैथोलॉजी, डॉ. लाल पैथोलॉजी शाहगंज एवं घोरावल तथा निशान हॉस्पिटल के सामने संचालित पैथोलॉजी केंद्र को सीज कर दिया। सीएमओ डा.रमेश मिश्रा ने बताया कि बिना पंजीकरण के संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा।










