शाहबाद (यूपी)। नवजात की मौत के बाद अस्पताल सील किया गया है। आंवला रोड स्थित निदान अस्पताल पर सीलिंग कार्रवई की गई है। स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल के संचालन में गंभीर खामियां पाई गईं। वैध पंजीकरण और विशेषज्ञ चिकित्सक से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध न कराए गए। इसके चलते एसीएमओ डॉ. देवेश चौधरी ने अस्पताल और उसके एनआईसीयू को सील करने का आदेश दिया।

यह कार्रवाई बरेली के ग्राम पलथा निवासी लोकेश की शिकायत के बाद की गई। लोकेश ने बताया था कि उनके समय पूर्व जन्मे नवजात को निदान अस्पताल में भर्ती कराया था। कुछ घंटे बाद नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया था कि एनआईसीयू में विशेषज्ञ बाल रोग चिकित्सक मौजूद नहीं था। शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की।

अस्पताल प्रबंधन पंजीकरण और चिकित्सक की तैनाती से संबंधित कोई भी वैध अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। अस्पताल बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया। इसके बाद तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की गई।