भरूच (गुजरात)। औषधि विभाग के दो अधिकारी 40 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए हैं। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने की है। आरोप है कि दोनों अधिकारी होलसेल ड्रग लाइसेंस के लिए रिश्वत मांग रहे थे। गिरफ्तार अधिकारियों की पहचान प्रकाशभाई पोसनानी और सुरभि बेन देसाई के रूप में हुई है।
प्रकाशभाई पोसनानी भरूच में खाद्य एवं औषधि विभाग में सहायक आयुक्त हैं। सुरभिबेन देसाई विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर एवं सहायक आयुक्त हैं। दोनों को भरूच स्थित खाद्य एवं औषधि नियंत्रण प्रशासन कार्यालय में सहायक आयुक्त के कक्ष से पकड़ा गया।
शिकायतकर्ता ने दवाओं के लिए नया थोक लाइसेंस लेने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि सुरभिबेन देसाई ने शिकायतकर्ता से 40 से 50 हजार रुपए देने को कहा। शिकायतकर्ता ने नर्मदा एसीबी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी ने भरूच कार्यालय में जाल बिछाया। दोनों अधिकारियों ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपए स्वीकार कर लिए। इसके बाद एसीबी टीम ने तुरंत दोनों को गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली। एसीबी के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










