रामपुर (यूपी)। कोडीन सिरप की अवैध सप्लाई में दो युवकों को अरेस्ट किया है। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पुलिस ने सिरप की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने सिवापुरम में स्कूटी सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पास से कोडेकटस टीआर की 1000 शीशियां बरामद हुईं। दोनों आरोपी मुरादाबाद के रहने वाले हैं।

स्कूटी से बोरियों में ले जा रहे थे सिरप

सिवापुरम में दो युवक स्कूटी से बोरियां लेकर जा रहे थे। इसी दौरान मुरादाबाद के ड्रग्स इंस्पेक्टर उमेश कुमार की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी। उन्होंने तत्काल सिविल लाइंस पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्कूटी सवार दोनों युवकों को रोककर पूछताछ की। तलाशी लेने पर बोरियों से कोडेकटस टीआर की 1000 शीशियां बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर स्कूटी और सिरप को कब्जे में ले लिया।

आरोपियों की पहचान मोहम्मद कैफ और जैब आलम के रूप में की है। दोनों मुरादाबाद के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।