जयपुर (राजस्थान)। नकली दवा की बिक्री करने पर 5 मेडिकल स्टोर सील किए हैं। सूबे मेंं नकली और प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में मुहाना और सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच मेडिकल स्टोर और दवा फर्मों की जांच की गई। जांच के दौरान बिना बिल बेची जा रही दवा, नकली और प्रतिबंधित दवाएं भी मिलीं। इन्हें औषधि नियंत्रण विभाग ने जब्त कर लिया।

जब्त दवाओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के बाद औषधि नियंत्रण विभाग ने संबंधित दुकानों और गोदामों को सील कर दिया है। संबंधित मेडिकल स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं। इस कार्रवाई से अवैध रूप से दवा कारोबार करने वाले संचालकों में हडक़ंप मच गया है। जब्त दवाओं की गुणवत्ता, वैधता और बिक्री से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

पांच मेडिकल स्टोर और फर्मों की हुई जांच

टोंक रोड स्थित अभी मेडिकल एंड जनरल स्टोर की जांच की गई। सांगानेर वाटिका रोड स्थित शुभम मेडिकल एंड जनरल स्टोर पर भी टीम पहुंची। हाज्यावाला स्थित बालाजी मेडिकल की भी जांच की। सांगानेर गोविंदपुरा स्थित श्री श्याम मेडिकोज पर जांच की। सुमन विहार वाटिका रोड स्थित देवेश मेडिकल एजेंसी पर भी कार्रवाई की गई। टीमों ने यहां उपलब्ध दवाओं और संबंधित रिकॉर्ड की जांच की।

करीब 5 लाख की दवाएं जब्त

अधिकारियों ने नकली, प्रतिबंधित और बिना बिल बेची जा रही दवाओं को जब्त किया। इन दवाओं की अनुमानित बाजार कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है। विभाग अब जब्त दवाओं से जुड़े दस्तावेजों और उनकी वैधता की जांच कर रहा है। औषधि नियंत्रण विभाग ने संबंधित दुकान और गोदाम को सील कर दिया। संबंधित मेडिकल स्टोर के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।