चंडीगढ़। साइकोट्रॉपिक दवा की ट्रक से तस्करी पकड़ी गई है। आरोपी ट्रक चालक को अरेस्ट कर लिया गया है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने चंडीगढ़-बद्दी अंतरराज्यीय हाईवे पर ट्रक को रोका। इसमें बिना वैध दस्तावेजों के करीब 67.8 लाख नशीली टैबलेट और कैप्सूल की खेप जब्त की। मामले में सीबीएन ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। दवाओं के साथ ट्रक को भी जब्त किया गया है।

यह है मामला

नीमच की प्रिवेंटिव टीम को दवा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एक ट्रक को रोका गया। तलाशी में 120 मास्टर कार्टन में दवाएं बरामद हुईं। दवाओं के परिवहन के लिए वैध इनवॉइस, ट्रांसपोर्टेशन दस्तावेज और ई-वे बिल उपलब्ध नहीं थे। जांच में कई ब्लिस्टर स्ट्रिप और दवा के बॉक्स से बैच नंबर मिटाए जाने की बात सामने आई। कुछ दवाओं पर प्रतिबंधित बिक्री के लिए निर्धारित लेबल भी मिले। इसके बाद दवाओं और ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया गया। अब जांच एजेंसी दवाओं के स्रोत की जानकारी जुटा रही है।

जब्त दवाएं

59,08,100 अल्प्राजोलम टैबलेट
7,47,780 ट्रामाडोल कैप्सूल
23,700 नाइट्राजेपाम टैबलेट
400 क्लोनाजेपाम टैबलेट