इटावा (यूपी)। बुखार ने दवा बाजार का पारा बढ़ा दिया है। मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव से अगस्त में सर्दी, जुकाम, खांसी, वायरल के मरीज बढ़े हैं। ऐसे में एंटीबायोटिक, पैरासिटामोल और कफ सिरप की बिक्री बढ़ी है। माह अगस्त में 70 लाख की दवाएं बिकने का अनुमान है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इन दिनों संक्रमण फैला हुआ है। ये बुखार के साथ-साथ मरीज के गुर्दे और किडनी पर भी असर कर रहा है। दस्त, पीलिया, सिर दर्द, बदन दर्द, छाती में संक्रमण भी मरीजों को हो रहा है। अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। जिला केमिस्ट एसोसिएशन के मुताबिक सबसे ज्यादा एंटीबायोटिक बिक रही है। हर माह 25 लाख रुपये की एजिथ्रोमाइसिन बिक जाती है। वहीं, 15 लाख की सिफेक्सिम की प्रतिदिन खपत है। इसी तरह, 10 लाख की पैरासिटामोल, 10 लाख की कफ सिरप बिक रही है। छह लाख रुपये की एंटी कोल्ड टेबलेट की बिक्री हो रही है।
विक्रेताओं के पास 20 करोड़ की दवाओं का स्टॉक
दवा विक्रेताओं ने बुखार से संबंधित दवाओं का काफी स्टॉक कर लिया है। विक्रेताओं के पास सिफेक्सिम, कफ सीरप, पैरासिटामोल आदि का 20 करोड़ की दवाओं का स्टॉक है।










