मेरठ (यूपी)। एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने से मरीज की मौत का मामला प्रकाश में आया है। बागपत रोड स्थित सिरोही नर्सिंग होम में डेंगू के इलाज में एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने का आरोप है। मरीज की हालत बिगडऩे पर परिजन उसे फ्यूचर प्लस अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल में जमकर हंगामा हुआ। अस्पताल प्रबंधन ने तीमारदारों पर डॉक्टर और कर्मचारियों से मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

सिरोही नर्सिंग होम में एक्सपायरी इंजेक्शन का आरोप

सिसौला गांव निवासी 50 वर्षीय हारून पुत्र अली हसन को डेंगू की शिकायत हुई। करीब छह दिन पहले बागपत रोड स्थित सिरोही नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। तबीयत बिगडऩे पर परिजनों ने डॉक्टर पर एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर टीपीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

नर्सिंग होम प्रबंधन ने उपचार का पूरा पैसा माफ करने की बात कही। साथ ही जमा रकम वापस करने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों में समझौता हुआ। परिजन मरीज को दूसरे अस्पताल लेकर चले गए। हालांकि, सिरोही नर्सिंग होम के संचालक ने एक्सपायरी इंजेक्शन लगाने के आरोप को गलत बताया। मामला शांत होने के बाद मरीज को रेफर कर दिया गया।