सिकटी, अररिया (बिहार)। एसएसबी ने स्किन क्रीम की सीमा पर तस्करी पकड़ी है। नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवानों ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। नेपाल भेजी जा रही 180 स्किन और कॉस्मेटिक क्रीम जब्त की गई हैं। इस दौरान एक युवक को गिरफ्तार भी किया गया है। जब्त सामान, साइकिल और गिरफ्तार युवक को फारबिसगंज के सीमा शुल्क कार्यालय को सौंप दिया है।

गुप्त सूचना मिलने पर सीमा स्तंभ संख्या 165/6 के पास खास निगरानी रखी जा रही थी। रात में जवानों ने नेपाल की ओर साइकिल से जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। उसको गश्ती दल ने उसे भारतीय सीमा के अंदर रोक लिया और तलाशी ली।

तलाशी में उसके पास से 180 स्किन और कॉस्मेटिक क्रीम मिलीं। सामान को नेपाल ले जाने के लिए साइकिल भी जब्त कर ली गई। गिरफ्तार युवक की पहचान कुआरी निवासी मोहम्मद अल्ताफ के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह यह सामान भारत से नेपाल ले जा रहा था।