लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। इबुप्रोफेन समेत चार दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल पाई गई हैं। ये दवाएं उत्तर प्रदेश मेडिकल सप्लाइज कॉर्पोरेशन की ओर से खरीदी गईं थी। चार दवाएं गुणवत्ता जांच में मानकों पर खरी नहीं उतरीं। इनमें एथैम्सिलेट 500 एमजी, इबुप्रोफेन, सिप्रोफ्लॉक्सासिन हाइड्रोक्लोराइड 500 एमजी और क्लोट्रिमेजोल शामिल हैं। जांच रिपोर्ट आने पर कॉरपोरेशन ने दवाओं को ड्रग वेयरहाउस से वापस मंगाने के निर्देश दिए हैं। संबंधित कंपनियों को तीन साल के लिए ब्लैकलिस्ट भी किया है।

कॉर्पोरेशन सरकारी अस्पतालों के लिए दवाएं खरीदकर प्रदेश के अलग-अलग ड्रग वेयरहाउस में भेजता है। अस्पतालों में आपूर्ति से पहले कराइ जांच में दवाएं फेल मिलीं। मेरठ की डैफोडिल्स फार्मास्यूटिकल्स की एथैम्सिलेट और इबुप्रोफेन गुणवत्ता जांच में फेल हुईं। एथैम्सिलेट बैच नंबर डीटीडी-034, डीटीडी 078, डीटीडी 075 फेल हो गई है। जबकि इबुप्रोफेन की जांच में कंपनी के बैच नंबर डीटीएफ 226 और डीटीएफ 227 मानकों पर खरे नहीं उतरे। सुपर फामुलेशन की क्लोट्रिमेजोल और विवेक फार्माकेम इंडिया की सिप्रोफ्लॉक्सासिन भी अमानक मिली। सिप्रोफ्लॉक्सासिन के 16 बैच फेल हुए हैं। फिलहाल ड्रग वेयरहाउस से दवाएं वापस लौटाने के आदेश दिए गए हैं।