जयपुर (राजस्थान)। अवैध दवा गोदाम से जब्त 18 में से 5 दवाओं के सैंपल फेल मिले हैं। भिवाड़ी में बिना लाइसेंस संचालित दवा गोदाम पर कार्रवाई मामले में नया खुलासा हुआ है। गोदाम से जब्त दवाइयों के 18 नमूनों में से 5 सैंपल जांच में अवमानक मिले हैं। संबंधित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में मैन्युफैक्चरर लेवल पर जांच शुरू कर दी है। विभाग की ओर से मैन्युफैक्चरिंग रिकॉर्ड, कच्चे माल आदि की विस्तृत जांच की जाएगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
16 नमूनों की रिपोर्ट आई, 2 शेष
औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने भिवाड़ी में बिना वैध लाइसेंस संचालित दवा गोदाम पर कार्रवाई की थी। इस मामले में मिली गुणवत्ता जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त दवाओं के 18 नमूनों में से अब तक 16 सैंपल की जांच रिपोर्ट आ गई है। 2 की रिपोर्ट आनी शेष है। इस कार्रवाई में 1,500 कार्टन दवाइयां जब्त की गई थी। इनकी अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपए थी।
जब्त सामग्री औषधि नियंत्रण अधिकारी की अभिरक्षा में रखी गई है। कार्रवाई के दौरान विभिन्न निर्माताओं और विपणनकर्ताओं की दवाइयां मिली थीं। इनके गुणवत्ता परीक्षण के लिए 18 नमूने लिए गए थे। परिसर से टेपेंटाडोल, प्रेगाबालिन और कोट्रिमोक्साजोल और एक्सपायर्ड सिल्डेनाफिल टैबलेट्स भी जब्त की थी। प्रयोगशाला जांच में 11 नमूने मानक गुणवत्ता के पाए गए। 5 नमूने अवमानक घोषित किए गए।










