एटा (यूपी)। सरकारी दवाइयां जलाने पर फार्मासिस्ट सस्पेंड किया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में सरकारी दवाइयां जलाने का मामला मिला था। दवाइयां जलाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर सीएमओ ने कार्रवाई की। सीएचसी में तैनात फार्मासिस्ट हामिद अली को तुरंत निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के दौरान उन्हें सीएमओ कार्यालय से जोड़ा गया है।
यह है मामला
सरकारी दवाइयां जलने का वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में अस्पताल परिसर में दवाइयों के कार्टून और रैपर जलते हुए दिख रहे थे। सरकारी दवाइयों के रैपर दिखने के बाद यह मामला स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचा। उन्होंने तुरंत जांच शुरू की।
सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद और जिला मलेरिया अधिकारी लोकमान सिंह अचानक सीएचसी अलीगंज पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर वायरल वीडियो के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ की। उनके बयान भी दर्ज किए गए। साथ ही, दवाइयों के रखरखाव और उन्हें खत्म करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान रात की ड्यूटी पर सीएचसी अधीक्षक समेत चार डॉक्टर गैरहाजिर मिले। इस पर चारों डॉक्टरों का एक दिन का वेतन रोकने का एक्शन लिया गया। जांच में फार्मासिस्ट हामिद अली को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया। उसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि फार्मासिस्ट हामिद अली को निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान उन्हें सीएमओ कार्यालय से जोड़ा गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।










