अंबिकापुर,सीतापुर (छत्तीसगढ़)। नशीली दवा की अवैध बिक्री का भंडाफोड़ हुआ है। आबकारी उडऩदस्ता टीम ने ये कार्रवाई की है। टीम ने तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास नशीली दवा बेचते एक युवक को पकड़ा है। उसके पास छह लाख की नशीली दवाएं मिली हैं।
संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम नशा कारोबार पर नजर रखे हुए थी। 11 अक्टूबर को टीम सीतापुर क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान तपेश्वरी गौड़ा मैदान के पास एक युवक खड़ा दिखा। सरकारी वाहन को देखते ही वह भागने लगा। टीम को शक हुआ तो उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संजय विश्वकर्मा निवासी सीतापुर बताया। तलाशी में उसकी बोरी से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल, टेबलेट और कफ सिरप बरामद हुए।
वह मूल रूप से गढ़वा का रहने वाला है। सीतापुर के बाजारपारा में रहकर यह नशीली दवा का अवैध कारोबार करता था। आरोपित के पास से 14 हजार 144 नग नशीले कैप्सूल, एक हजार 990 नग नशीली टेबलेट मिली हैं। वहीं 20 नग नशीली कफ सिरप बरामद हुई। बरामद दवाओं की कुल संख्या 16 हजार से अधिक है। इनकी बाजार कीमत लगभग छह लाख रुपये है।
इन नशीली दवाओं को खपाने की मंशा से आरोपित घटनास्थल पर खड़ा था। इसके संबंध में पहले भी शिकायत मिली थी। इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना का नाम सामने आया है। यह नशीली दवा सीतापुर निवासी अनमोल गुप्ता की है। वह उसी के साथ मिलकर यह अवैध धंधा करता है। पुलिस अब मुख्य आरोपित अनमोल गुप्ता की तलाश में जुट गई है। आरोपी को रिमांड पर लिया गया है।










