भरतपुर (राजस्थान)। कुएं से दवा जब्त मामले में तीन आरोपी दबोचे हैं। खटनावली गांव में कुएं से 5 करोड़ की दवा बरामद हुई थी। इस मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि दवाइयों के 274 कार्टन आगरा से लाए गए थे। इन्हें सूखे कुएं में छिपा िदया गया था। मामले में आगरा निवासी तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये दवाइयां कहां बनाई गई थीं। इन्हें यहां छिपाने के पीछे क्या मकसद था। आगे इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था।

यह है मामला

खटनावली गांव के पास दवाइयां पड़ी होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सूखे कुएं में रखे दवाइयों के कार्टन बाहर निकलवाए। औषधि नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने दवाइयों की जांच की। एफआईआर दर्ज की गई।

आगरा से गाड़ी में भरकर लाए थे दवाइयां

इकरार, शामिन उर्फ छोटू और सलुआ उर्फ मुकीम के नाम सामने आए। तीनों आरोपी वाहन लेकर आए थे । दवाइयों को खटनावली गांव के पास सूखे कुएं में छिपाकर चले गए। पुलिस ने तीनों को आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। आगरा में भी इस मामले से संबंधित प्रकरण दर्ज है। भरतपुर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बरामद दवाइयों की कीमत करीब 5 करोड़ बताई है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंप दिया। मामले से जुड़े शेष आरोपियों की तलाश जारी है।