झालावाड़ (राजस्थान)। चिकित्सा डिग्री के बिना मरीजों का इलाज करते फर्जी डॉक्टर धरा गया। अकतासा गांव में संबंधित क्लिनिक पर कार्रवाई की गई। जांच में डॉक्टर के फर्जी होने का खुलासा हुआ। आरोपी लंबे समय से रोगियों की सेहत से खिलवाड़ कर रहा था। गांव में रवि जाटव जय माता दी क्लिनिक चला रहा था। वह एलोपैथिक प्रैक्टिस कर रहा था। मरीजों को बिना बिल के दवाइयां भी दे रहा था।

यह है मामला

औषधि नियंत्रण विभाग को गोपनीय शिकायत मिली। जांच के दौरान दवाओं के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस नहीं मिला। आरोपी के पास रजिस्टर्ड चिकित्सा डिग्री भी नहीं मिली। टीम को क्लिनिक से करीब 40 हजार की दवाएं मिलीं। इनमें गर्भपात या गर्भनिरोधक से संबंधित दवाएं भी शामिल थी। आरोपी इनके बिल भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच दल ने दवाओं को जब्त किया है। बिना बिल की दवाएं कोटा और झालावाड़ के मेडिकल स्टोर्स से खरीदने की बात सामने आई। तीन प्रकार की दवाओं के नमूने लेकर सीलबंद किए हैं। इनको जांच के लिए लैब में भेजा गया है। इस पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई है।