कुशीनगर (उत्तरप्रदेश)। लाइसेंस बगैर संचालित मेडिकल स्टोर पर रेड की गई है। गोपनीय सूचना के आधार पर औषधि विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। पटहेरवा चौराहे के पास बिना साइन बोर्ड के मेडिकल स्टोर की जांच की। जांच के दौरान दुकान के संचालक से लाइसेंस मांगा गया। वह औषधि क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। दुकान के भीतर पर्याप्त मात्रा में एलोपैथिक औषधियों का भंडारण मिला।
दुकान में मौजूद व्यक्ति ने अपना नाम नियाज बारिश निवासी पटहेरवा बताया। बिना वैध लाइसेंस के औषधियों का भंडारण एवं बिक्री का मामला सामने आया। भंडारित औषधियों में से दो संदिग्ध दवाओं के नमूने लिए हैं। इन नमूनों को राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा जाएगा।
नमूनों का विवरण निर्धारित प्रपत्रों में दर्ज किया गया। शेष दवाओं को सील कर दिया गया। सील की गई औषधियों का अनुमानित मूल्य 80 हजार बताया गया है। औषधि निरीक्षक नवीन कुमार ने बताया है कि बिना वैध लाइसेंस के एलोपैथिक औषधियों का भंडारण नहीं का सकते। इस मामले में आवश्यक जांच प्रक्रिया के बाद कोर्ट में केस दाखिल किया जाएगा।





