फगवाड़ा (पंजाब)। मेडिकल स्टोर पर रेड कर बिना लेबल वाले 280 कैप्सूल जब्त किए हैं। सरकार के नशा-विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। ड्रग कंट्रोल विभाग ने मेडिकल स्टोरों की जांच की। रानीपुर गांव में कोहली मेडिकल हॉल पर दबिश दी। मौके से बिना लेबल वाले 280 कैप्सूल जब्त किए। इन कैप्सूलों की गुणवत्ता का पता लगाने के लिए लैब में भेज दिया है।
कपूरथला की डीसीओ अनुपमा कालिया ने बताया कि स्टोर से एलोपैथिक दवाएं भी जब्त की हैं। स्टोर संचालक खरीद-बिक्री के जरूरी रिकॉर्ड पेश नहीं कर पाए। पता चला कि वहां किसी रजिस्टर्ड फार्मासिस्ट की मौजूदगी के बिना दवाएं बेची जा रही थीं। विभाग ने अपनी रिपोर्ट लाइसेंसिंग अथॉरिटी को भेज दी है।
दूसरे मामले में टीम ने शर्मा मेडिकल स्टोर का दौरा किया। वहां नियमों के पालन से जुड़ी कुछ सामान्य कमियां पाई गईं। इस बीच, कपूरथला जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई केमिस्ट आपत्तिजनक गतिविधि में शामिल मिलता है, तो एसोसिएशन उसका समर्थन नहीं करेगी।





