नई दिल्ली। नशीली दवा की अवैध सप्लाई के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 14.226 किलो नशीली दवाएं बरामद हुई हैं। इनमें अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की कुल 21180 टैबलेट और कैप्सूल शामिल हैं। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और स्कूटी भी जब्त की है।
यह है मामला
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कर रहे हैं। इसके बाद इंस्पेक्टर राकेश कुमार की टीम ने निगरानी शुरू की। पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू किया। इस दौरान पुलिस टीम ने निगम बोध घाट के पास मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोका। उनके पास मौजूद दो गत्ते के डिब्बों की तलाशी ली गई।
डिब्बों में नशीली दवाओं का बड़ा जखीरा मिला। इनमें अल्प्राजोलम और ट्रामाडोल की 16,380 टैबलेट और कैप्सूल थे। पुलिस ने मौके से मुनेश कुमार गुप्ता और अखिलेश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों ने नेटवर्क के अगले लिंक का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि उन्हें ये नशीली दवाएं वीरेंद्र कुमार उर्फ हीरो सप्लाई करता था।

इसके बाद पुलिस ने मादीपुर में छापेमारी की। वहां से वीरेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से नशीली दवा ट्रामाडोल के 4,320 कैप्सूल बरामद हुए। वह इन कैप्सूल को स्कूटी से लेकर जा रहा था। जांच आगे बढ़ी तो नेटवर्क का एक और कनेक्शन सामने आया। पुलिस ने राजेश्वर पांडे उर्फ गोपाल को भी गिरफ्तार कर लिया।
ड्रग्स कंट्रोल विभाग की टीम ने मादीपुर गांव स्थित उसकी दवा दुकान पर छापेमारी की। यहां से ट्रामाडोल के 480 कैप्सूल मिले। दुकान से 31 अलग-अलग कैटेगरी की दवाओं का बड़ा स्टॉक बरामद हुआ। आरोपी इन दवाओं की खरीद से जुड़े बिल और वैध ड्रग लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने पूरा स्टॉक जब्त कर लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी कई सालों से प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई कर रहे थे। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने में जुटी है।





