नई दिल्ली। अवैध परिसर पर रेड कर 14 लाख की संदिग्ध दवाएं जब्त की हैं। दवाओं की बिक्री और भंडारण के नियमों की बड़े पैमाने पर अनदेखी मिली है। मादीपुर गांव में बिना लाइसेंस एक आवासीय परिसर में छापेामरी की गई। यहां रखी करीब 14 लाख रुपये की संदिग्ध दवाएं जब्त की हैं। यह कार्रवाई औषधि नियंत्रण विभाग ने दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के साथ मिलकर की। इस मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, विशेष अभियान में 62 दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इनमें 37 दुकानों में नियमों का उल्लंघन मिला। यानी करीब 60 फीसदी प्रतिष्ठानों पर गड़बड़ी सामने आई है।
घर को बना रखा था दवाओं का गोदाम
औषधि नियंत्रण विभाग ने मादीपुर गांव में कार्रवाई की। यहां एक अवैध परिसर में बिना लाइसेंस के दवाओं का भंडारण किया गया था। इन दवाओं को बिक्री और वितरण के लिए रखा गया था। विभाग को दवाओं की गुणवत्ता भी संदिग्ध लगी है। औषधि निरीक्षक ने दवाओं को जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए भेजे हैं।
37 दुकानों पर नियमों की अनदेखी
टीम ने कृष्णा नगर, जीटीबी नगर और रोहिणी में 41 दवा प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इनमें 25 पर नियमों का उल्लंघन मिला। पंजीकृत फार्मासिस्ट की मौजूदगी के बिना दवाओं की बिक्री मिली। दवाओं की खरीद-बिक्री का सही रिकॉर्ड नहीं पाया गया। वहीं डॉक्टर की वैध पर्ची के बिना ऐसी दवाएं देना शामिल है।
एम्स-सफदरजंग के पास भी 12 दुकानों में गड़बड़ी
जांच का दायरा एम्स और सफदरजंग अस्पताल के आसपास की दवा दुकानों तक भी पहुंचा। यहां 21 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 12 में नियमों का उल्लंघन मिला। विभाग ने कुल 110 दवाओं के नमूने भी लिए हैं। इसके अलावा गर्भपात में इस्तेमाल होने वाली एमटीपी किट की अनधिकृत बिक्री की भी जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। जांच और नमूनों के नतीजों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





