नई दिल्ली। डायबिटीज के इलाज में बड़ी सफलता मिली है। इजरायल के विज्ञानियों ने इसमें अहम सफलता हासिल की है। तीन दवाओं के मेल से चूहों में डायबिटीज को रिवर्स करने में सफलता पाई है। यह सफलता बार-इलान विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने हािसल की।
प्रयोग में करीब 30 प्रतिशत चूहों का रक्त शर्करा स्तर सामान्य हो गया। उन्हें इंसुलिन की जरूरत भी नहीं रही। अग्न्याशय में इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं की संख्या भी बढ़ी। खून में ऐसे जैव संकेतक भी खोजे हैं, जिनसे पहले ही अनुमान लगाया जा सकता है कि किन मरीजों पर यह उपचार असरदार हो सकता है। इससे भविष्य में मरीजों के लिए उनकी जरूरत के मुताबिक उपचार तैयार किया जा सकेगा। हालांकि, अभी इसका परीक्षण मनुष्यों पर नहीं हुआ है।
क्या है एलएडीए डायबिटीज
एलएडीए को आम बोलचाल में टाइप-1.5 डायबिटीज कहा जाता है। इसमें शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली अग्न्याशय की इंसुलिन बनाने वाली बीटा कोशिकाओं पर हमला करती है। यह टाइप-1 डायबिटीज की तरह आटोइम्यून बीमारी है। आमतौर पर वयस्कों में धीरे-धीरे विकसित होती है। शुरुआत में मरीज को इंसुलिन की जरूरत नहीं पड़ती। कई बार इसे टाइप-2 डायबिटीज समझ लिया जाता है। दुनियाभर में लगभग 60 करोड़ वयस्क (20-79 वर्ष) मधुमेह से प्रभावित हैं। अनुमान है कि 2050 तक यह संख्या बढ़कर 85 करोड़ से ज्यादा हो जाएगी। भारत में भी लगभग 10 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित हैं।
तीन दवाओं का अनूठा मेल
शोध में तीन दवाओं- जीएबीए, सिटाग्लिप्टिन और ओमेप्राजोल का इस्तेमाल किया गया। जीएबीए बीटा कोशिकाओं के कामकाज में मदद करने और सूजन कम करने से जुड़ा है। सिटाग्लिप्टिन रक्त शर्करा नियंत्रित करने वाली दवा है। ओमेप्राजोल आमतौर पर पेट में एसिड की समस्या के लिए इस्तेमाल होता है।
अब मनुष्यों पर परीक्षण की तैयारी
अगला कदम यह पता लगाना है कि क्या मनुष्यों में भी ऐसे ही जैव संकेतक मौजूद हैं। इसके बाद तीनों दवाओं के मेल का चिकित्सकीय परीक्षण किया जा सकता है। चूंकि तीनों दवाएं पहले से इस्तेमाल में हैं। ये अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) से मंजूर हैं। इस कारण शोधकर्ताओं को उम्मीद है कि आगे का परीक्षण संभव हो सकेगा





