बशीरहाट, कोलकाता (प. बंगाल)। कफ सिरप फेंसिडिल की मछली के डिब्बों में छिपाकर तस्करी पकड़ी है। मछली के कारोबार की आड़ में थर्मोकोल के डिब्बों में भरकर इसे ले जाया जा रहा था।
उत्तर 24 परगना जिले के बकुलतला में एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की फेंसिडिल बरामद की गई। हालांकि, इस मामले का आरोपित तस्कर मौके से फरार हो गया। आरोपी बकुलतला निवासी मोमिन मोल्ला लंबे समय से मछली पालन और मछली के बीज की आपूर्ति का कारोबार करता है। आरोप है कि इसी कारोबार की आड़ में वह फेंसिडिल की तस्करी करता था।

बीएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी। पता चला कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप बांग्लादेश भेजने की तैयारी है। इसके बाद पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त अभियान चलाया। इलाके के एक गोदाम में तलाशी के दौरान मछली के डिब्बों में छिपाकर रखी गई फेंसिडिल मिली। आसपास के अन्य घरों में भी तलाशी ली गई। करीब 10 घंटे तक चले अभियान में भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त की गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





