अमरोहा (यूपी)। निजी अस्पताल अब सस्ती दवाएं महंगे दामों पर नहीं बेच पाएंगे। सस्ती दवाओं को महंगे दामों में बेचने का खेल खुलने के बाद शासन सख्त हो गया है। उसने निजी अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोर संचालकों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उनको पब्लिक वेबसाइट बनाने को कहा गया है। उसका लिंक मेडिकल स्टोर के काउंटर पर प्रदर्शित करना अनविार्य होगा। इससे कोई भी मरीज दवाइयों के बारे में पूरी जानकारी रख सकेगा। हर दवा के ब्रांड, मैन्युफैक्चरिंग व कितने में खरीदी और विक्रय की, का भी उनको हिसाब देना होगा। दवाइयों के नाम और दाम भी काउंटर पर चस्पा करने होंगे।
अस्पताल नहीं कर रहे पालन
हालांकि, इस आदेश को एक माह बीत चुका है। अभी तक किसी भी अस्पताल के मेडिकल स्टोर पर उसका पालन नहीं किया गया है। इस कारण औषधि विभाग ने कार्रवाई करने की तैयारी शुरू कर दी है। जनपद में करीब 150 से अधिक निजी अस्पताल संचालित हैं। इनमें से करीब 70 अस्पतालों में रिटेल के मेडिकल स्टोर संचालित हैं। जबकि, अन्य अस्पतालों में आइपीडी (इन पैटेंट डिपार्टमेंट) की व्यवस्था है।
यहां मरीज को भर्ती कर लेते हैं और दवाई को बिल में जोडक़र देते हैं। इनसे कोई भी हिसाब-किताब नहीं कर पाता था। दवाई कितनी महंगी दिखाई है। यह भी नहीं पूछ पाता था। रिटेल मेडिकल स्टोर संचालक भी डाक्टर के पर्चे पर ही दवाई देकर वारे-न्यारे कर रहे हैं। सस्ती दवाओं को महंगे में बेच रहे हैं। सितंबर व अक्टूबर माह में प्रदेश स्तर पर इस तरह के तमाम प्रकरण सामने आए। जिस पर सरकार सख्त हो गई।
स्टोर संचालकों में खलबली
यूपीएफएसडीए रोशन जैकब ने निजी अस्पतालों में संचालित मेडिकल स्टोर के लिए आदेश जारी किया है। इसके बाद से सभी में खलबली मची है। औषधि निरीक्षक ने बताया कि निजी अस्पताल संचालक एक पब्लिक वेबसाइट बनाएंगे। इसमें दवाइयों का पूरा ब्योरा होगा। खरीद और बिक्री भी उसमें रखी जाएगी। दवाई का नाम भी अंकित रहेगा। इसके अलावा अन्य जानकारी भी उसमें रहेगी। इस वेबसाइट का लिंक दवा काउंटर पर प्रदर्शित करना होगा। यह लिंक क्यूआर कोड या एप के जरिए प्रदर्शित हो सकता है।
इसके अतिरिक्त बेची जाने वाली दवा का नाम और कीमत भी काउंटर पर प्रदर्शित करनी होगी। जेनरेटिक दवा के ब्रांड, मैन्युफैक्चरिंग, खरीद और विक्रय की स्थिति भी निर्धारित प्रारूप पर विभाग को उपलब्ध करानी होगी। छह अक्टूबर को आदेश सभी निजी अस्पतालों के मेडिकल स्टोर संचालकों को भेजा गया था। अभी किसी ने प्रारूप पर जानकारी नहीं दी है। इसलिए जल्द ही सख्त कार्रवाई होगी।





