समस्तीपुर (बिहार)। मेडिकल स्टोर में अनियमितता मिलने पर छह दवाओं की बिक्री रोकी है। गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए औषधि नियंत्रण विभाग जांच अभियान चला रहा है। दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए विभाग के अभियान में तेजी ला दी है। इसी कड़ी में टीम ने शहर के मूलचंद रोड स्थित मां भगवती ड्रग में छापेमारी की।
यह है मामला
औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने मूलचंद रोड स्थित मां भगवती ड्रग में दबिश दी। इस दौरान दुकान में उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, खरीद से संबंधित बिल और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। जांच की प्रक्रिया पांच घंटे से अधिक समय तक चली। संबंधित बिल प्रस्तुत नहीं करने पर छह दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी गई। इनमें आयरन इंजेक्शन एलबूरेल, डेरिफाइलिन एलएस सिरप और विजी लैक कैप्सूल सहित छह दवाएं शामिल हैं।
वहीं, पेनटेक-40 और टसमाउंट-डी सिरप के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। निरीक्षण के दौरान दो सदस्यीय स्टेट टीम के साथ ड्रग इंस्पेक्टर अमित कुमार भी मौजूद थे। सहायक औषधि निरीक्षक शंभूनाथ ठाकुर ने बताया कि मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया गया। जिले में दवा दुकानों की जांच का अभियान तेज किया गया है। इसके लिए राज्य मुख्यालय से टीम भी पहुंची है। दवाओं की गुणवत्ता और उनके क्रय-विक्रय से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। दवा दुकानों के निरीक्षण में सामने आने वाली अनियमितताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।





