नई दिल्ली। एंटीबायोटिक दवाएं बिना प्रिस्क्रिप्शन बेचने पर सख्ती शुरू कर दी है। प्रशासन ने 43 मेडिकल स्टोर्स पर एक्शन किया है। बिना चिकित्सकीय पर्चे के एंटीबायोटिक, एमटीपी किट और नशीली दवाओं की बिक्री पर सरकार ने सख्ती दिखाई है। इसे लेकर चलाए गए विशेष अभियान में 43 दवा प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन मिला है। इनके खिलाफ नियामकीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह है मामला
स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह के निर्देश पर ड्रग कंट्रोल विभाग ने निरीक्षण अभियान चलाया है। टीम ने तीन दिनों में 83 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अनियमितताओं की पहचान के लिए कई स्थानों पर गुप्त ग्राहकों को भी भेजा गया।
43 प्रतिष्ठानों में मिली अनियमितताएं
त्रिनगर और न्यू अशोक नगर में 29 प्रतिष्ठानों की जांच में 13 में उल्लंघन मिला। इनमें पांच फर्में बिना पर्चे एमटीपी किट की बिक्री-खरीद और रिकॉर्ड नहीं रखने की दोषी पाई गई। जबकि आठ नशे की दवाओं से जुड़े नियमों के उल्लंघन में शामिल थीं।
यमुना विहार, पहाडग़ंज और करोल बाग में 30 प्रतिष्ठानों की जांच में 13 में अनियमितताएं मिलीं। इनमें 11 एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) और तीन नशे की दवाओं से जुड़े उल्लंघन थे।
वहीं रामपुरा, इंद्रलोक और सुल्तानपुर में 24 प्रतिष्ठानों की जांच में 17 में उल्लंघन मिला। इनमें 12 एएमआर और चार नशे की दवाओं से संबंधित थे।
जांच में बिना वैध चिकित्सकीय पर्चे दवाओं की बिक्री, खरीद-बिक्री का अनिवार्य रिकॉर्ड नहीं मिला। पंजीकृत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति में दवाएं बेचने के मामले सामने आए। अभियान का उद्देश्य औषधि नियम का पालन सुनिश्चित करना है। डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि बिना निगरानी एंटीबायोटिक की बिक्री से एएमआर बढ़ता है। संक्रमणों का उपचार कठिन हो जाता है।





