कैथल (हरियाणा)। डेयरी पर रेड कर 700 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा गया है। कैथल के गांव ड्योढखेड़ी में छापेमारी के दौरान ये पनीर पकड़ा। एंटी नारकोटिक सेल और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। गांव स्थित श्री श्याम डेयरी पर आधी रात को छापेमारी की गई। मौके से करीब 700 किलोग्राम पनीर पकड़ा।
जांच में सामने आया कि डेयरी में पनीर तैयार करने के लिए रिफाइंड पाम ऑयल का इस्तेमाल किया जा रहा था। पाम ऑयल के छह टीन बाथरूम में छिपाकर रखे गए थे। टीम ने मौके से पनीर और पाम ऑयल को कब्जे में लेकर कार्रवाई की। इसके बाद करीब 700 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।
यह है मामला
एंटी नारकोटिक सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी। पता चला कि गांव ड्योढखेड़ी स्थित श्री श्याम डेयरी में मिलावटी पनीर तैयार किया जा रहा है। सूचना पर एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने खाद्य अधिकारियों के साथ मिलकर डेयरी पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान वहां भारी मात्रा में पनीर रखा मिला। टीम ने जब पनीर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जांच की तो रिफाइंड पाम ऑयल पाया गया।

डेयरी पर रेड रिफाइंड पाम ऑयल के 15-15 किलोग्राम के छह टीन बरामद हुए। इन्हें डेयरी परिसर में बने बाथरूम में छिपाकर रखा गया था। मौके पर डेयरी मालिक सुमित कुमार निवासी गांव सिसमोर भी मौजूद मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा ने पनीर के सैंपल लिए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत करीब 700 किलोग्राम पनीर नष्ट करवा दिया। बरामद पाम ऑयल को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया। सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगामी कार्रवाई की जाएगी। टीम में एएसआई अनिल कुमार और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा शामिल रहे। मामले में आगामी कार्रवाई सैंपल की जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। जांच में सामने आया कि डेयरी में तैयार होने वाला पनीर केवल कैथल तक सीमित नहीं था। यह हरियाणा के कई जिलों के साथ चंडीगढ़ में भी इसकी सप्लाई किया जाता था।





