रामपुर (उप्र)। प्रतिबंधित नशीली दवाओं का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नशीली दवाइयां और कैप्सूल बरामद किए हैं। साथ ही नकदी भी बरामद की है। बरामद माल की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। इस पूरे मामले का खुलासा रामपुर पुलिस ने प्रेसवार्ता के दौरान किया।
यह है मामला
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का बड़ा जखीरा मिला है। आरोपियों में अक्षय और ज़ीशान जनपद मुरादाबाद के निवासी हैं।
वहीं, जब्बार जनपद रामपुर का रहने वाला है। जीशान के खिलाफ पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। इनके कब्जे से 33 पेटी प्रतिबंधित नशीली दवाइयां और 8400 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं। इसके अलावा एक कार, एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इनका इस्तेमाल इस अवैध कारोबार में किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान इस गिरोह से जुड़े दो अन्य के नाम भी सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं। फिलहाल पुलिस ने तीनों गिरफ्तार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।










