नई दिल्ली। प्रतिबंधित दवा व इंजेक्शन की बड़ी खेप बरामद की गई है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) को मिली सूचना पर की गई। नजफगढ़ में समेथेनोलोन और स्टैनोजोलोल जैसे एनाबोलिक स्टेरॉयड सहित कई प्रतिबंधित पदार्थ जब्त किए हैं। यह संयुक्त अभियान केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में चलाया गया। छापेमारी में लगभग 2,800 कैप्सूल/टैबलेट और 11 इंजेक्शन यूनिट जब्त किए गए। इनमें मेथेनोलोन एनैंथेट, ट्रेंबोलोन और स्टैनोजोलोल जैसे एनाबोलिक स्टेरॉयड शामिल हैं।

‘गौरव वत्स न्यूट्रिशन’ परिसर से 300 मेथानडायनोन और 850 ऑक्सेंड्रोलोन टैबलेट के साथ 1,500 सेलेक्टिव एंड्रोजन रिसेप्टर मॉड्यूलेटर कैप्सूल बरामद किए। ये सभी पदार्थ विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) द्वारा प्रतिबंधित हैं।

इनका उपयोग मांसपेशियों की वृद्धि कर अनुचित प्रदर्शन लाभ हासिल करने के लिए किया जाता है। सहनशक्ति बढ़ाने वाले प्रतिबंधित हार्मोन और मेटाबॉलिक मॉड्यूलेटर एडेनोसिन मोनोफॉस्फेट के इंजेक्शन भी जब्त किए।
एफएसएसएआई अधिकारियों ने बिना वैध ‘फूड लाइसेंस’ के बेचे जा रहे ‘हेल्थ सप्लीमेंट्स’ में गंभीर अनियमितताएं भी पाईं। छापेमारी में 45 किलोग्राम एक्सपायर गेनर और व्हे प्रोटीन बरामद किए हैं। जबकि 85 किलोग्राम प्रोटीन और क्रिएटिन को आगे की सुरक्षा जांच के लिए जब्त किया है।