गोपालगंज (बिहार)। मेडिकल स्टोर पर रेड कर प्रतिबंधित सिरप-इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। औषधि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। शहर के बंजारी मोड़ स्थित एक दवा दुकान पर छापेमारी की गई। मौके पर नशे में इस्तेमाल होने वाली प्रतिबंधित दवाओं का जखीरा बरामद किया गया। मुमताज मेडिकल स्टोर से 496 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप और 875 एविल इंजेक्शन जब्त किए हैं। ये इंजेक्शन प्रत्येक दस-दस ग्राम के बताए जा रहे हैं।
वैध डॉक्यूमेंट्स नहीं दिखा सका दुकानदार
औषधि विभाग के निरीक्षक अभय शंकर के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। टीम ने जब दुकानदार से इन दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित वैध कागजात मांगे, तो वह कोई इसे नहीं दिखा सका। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त मेडिकल स्टोर से नशीली प्रतिबंधित दवाएं बेची जा रही हैं। सूचना पर संयुक्त टीम का गठन कर छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दुकान से जुड़े दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।










