रामकोला, कुशीनगर (उप्र)। आठ मेडिकल स्टोर्स में जांच के दौरान भारी गड़बड़ी पाई गई है। सीएचसी के पास देवरिया और कुशीनगर के औषधि निरीक्षकों ने संयुक्त जांच की। इसमें आठ मेडिकल स्टोर्स में अनियमितता मिली। टीम ने बताया कि दुकानदारों को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा। सहायक आयुक्त औषधि मंडल गोरखपुर को जांच रिपोर्ट भेजी जाएगी। इस दौरान कई दुकानदार शटर गिराकर भाग गए।
यह है मामला
औषधि विभाग की टीम ने रामकोला में चल रहे मेडिकल स्टोरों की जांच की। दवा दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर आदि दस्तावेजों की जांच की गई। कई दुकानों के बंद मिलने पर अधिकारियों ने नोटिस जारी करने की बात कही। जिन दुकानों में अनियमितताएं पाई गईं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। औषधि निरीक्षक दीपक पांडेय ने कहा कि मेडिकल स्टोर पर कई कमियां मिली हैं। मरीज को दवा की पक्की रसीद नहीं दी जाती है। इसकी रिपोर्ट सहायक आयुक्त औषधि मंडल गोरखपुर को भेजी जाएगी। जिन आठ दुकानों की जांच हुई है, उन्हें भी नोटिस भेजा जाएगा।










