विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश)। भारत बायोटेक ने त्वचा रोग की नई वैक्सीन लॉन्च की है। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने विजयवाड़ा में एक सम्मेलन में लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) के लिए दुनिया की पहली मार्केट वैक्सीन लॉन्च की। भारत बायोटेक की सहायक कंपनी बायोवेट द्वारा विकसित, बायोलम्पिवैक्सिन पशुपालन क्षेत्र के सामने आने वाली एक गंभीर चुनौती का समाधान करता है।

बता दें कि गांठदार त्वचा रोग (एलएसडी) एक ट्रांसबाउंड्री पशु रोग है और मवेशियों के स्वास्थ्य पर इसके गंभीर प्रभाव दिखलाई दिए हैं। इस रोग की विशेषता शरीर में त्वचा की गांठों का विकास, बुखार, सूजी हुई लिम्फ नोड्स, दूध की पैदावार में कमी और चलने-फिरने में कठिनाई है।

बायोलम्पिवैक्सिन एक नवीन स्वदेशी लाइव-एटेन्यूएटेड मार्कर वैक्सीन है। इसे बायोवेट के सहयोग से भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय अश्व अनुसंधान केंद्र, हिसार के एलएसडी वायरस/रांची/2019 वैक्सीन स्ट्रेन का उपयोग करके विकसित किया है।

भारत में निर्मित वैक्सीन विकसित करने के लिए बायोवेट की सराहना करते हुए नायडू ने वैक्सीन के प्रभावी वितरण के लिए उपाय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पशुधन क्षेत्र में 20 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल करने में राज्य की मदद करने के अलावा, यह डेयरी उद्योग की दीर्घकालिक स्थिरता को बढ़ावा देगा।