जोधपुर (राजस्थान)। कैंसर का इलाज अब हाई-टेक हो गया है। अब रोबोट कैंसर का ऑपरेशन करेगा। शहर के विनायका अस्पताल समूह ने करीब 8 करोड़ की लागत से स्वदेशी रोबोटिक सर्जरी सिस्टम स्थापित किया है। इस तकनीक से कैंसर जैसे जटिल और जानलेवा रोगों के ऑपरेशन अब आसान हो गए हैं। साथ ही यह बेहद सटीक भी हो गए हैं। महज डेढ़ महीने में ही अस्पताल ने 13 सफल रोबोटिक सर्जरी की हैं।

अस्पताल प्रशासन ने 8 विशेषज्ञ डॉक्टरों और 12 मेडिकल स्टाफ की विशेष टीम तैयार की है। इस टीम को रोबोटिक सिस्टम का कठोर तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया है। सर्जन डॉ. प्रदीप शर्मा इस टीम का नेतृत्व कर रहे हैं। यह अनुभवी नेतृत्व और आधुनिक मशीनरी का मेल मरीजों के लिए किसी जीवनदान से कम नहीं है। कैंसर के अलावा हर्निया, पथरी, प्रोस्टेट और बच्चेदानी से जुड़े जटिल ऑपरेशन भी रोबोट की मदद से किए जा रहे हैं। रोबोटिक सर्जरी में बहुत छोटा चीरा लगाया जाता है। इससे दर्द कम होता है, खून कम बहता है। मरीज बहुत जल्दी रिकवर होकर अपने घर लौट सकता है।