चम्पावत। यौन शक्ति वर्धक दवा के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। बनबसा थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक युवक को यौन शक्ति वर्धक दवाइयों का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया। उसकी निजी सामग्री हासिल कर ब्लैकमेल किया। मानसिक प्रताडऩा देकर उसे आत्महत्या के लिए उकसाया। साथ ही उससे करीब 1.87 लाख रुपये की साइबर ठगी भी की गई।

यह है मामला

दुर्जन लाल ने पुलिस को बताया कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनके पुत्र को शक्ति वर्धक दवाइयों का लालच देकर संपर्क में लिया। इसके बाद उसकी अश्लील तस्वीरें और अन्य निजी सामग्री प्राप्त कर ली। वे उसे लगातार ब्लैकमेल करने लगे। आरोपियों ने उससे कुल 1.87 लाख रुपये भी ठग लिए। मानसिक दबाव और प्रताडऩा के चलते युवक को आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने धनुषपुल-सोनियानाला मार्ग के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों में महेन्द्र सिंह चितौडय़िा और शिवा सिंह निवासी शिवपुरी शामिल है। पुलिस ने बताया कि मामले में एक अन्य आरोपी अनिल मोगिया की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उनके कब्जे से कथित दवाइयां तथा अश्लील तस्वीरों से संबंधित सामग्री आदि बरामद की है।