भोपाल (मध्यप्रदेश)। नशीली दवा कफ सिरप के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। स्पेशल टास्क फोर्स ने करीब 50 लाख की नशीली कफ सिरप बरामद की है। लगातार दूसरी बड़ी कार्रवाई ने यह संकेत दे दिया है कि भोपाल और उसके आसपास के क्षेत्रों में नशीली दवाओं का संगठित नेटवर्क गहराई तक अपनी जड़ें जमा चुका है। एसटीएफ अब इस पूरे सिंडिकेट की परतें खोलने में जुट गई है।

यह है मामला

एसटीएफ की टीम ने एयरपोर्ट रोड स्थित मुबारकपुर क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित और नशीली कफ सिरप बरामद की गई। जब्त माल में ऑफ-कफ और ऑनरेक्स ब्रांड की बड़ी खेप शामिल है। इनका दुरुपयोग युवाओं द्वारा नशे के रूप में करने की आशंका जताई जा रही है। छापेमारी के दौरान टीम ने बड़ी संख्या में कार्टन और स्टॉक कब्जे में लिया। बरामद सामग्री की बाजार कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। एसटीएफ को मुबारकपुर क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध भंडारण और वितरण की शिकायतें मिल रही थीं। इसी सूचना के आधार पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।