चंडीगढ़। केमिस्ट शॉप पर रेड कर दवाएं जब्त करने का मामला सामने आया है। दुकान संचालक को नोटिस थमाया गया है। नशा मुक्त अभियान के तहत चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने ये कार्रवाई की। सेक्टर 32-डी स्थित पम्मी मेडिकोज पर ये छापेमारी की गई। मौके से 87 हजार रुपये की दवाएं जब्त की हैं। केमिस्ट शॉप संचालक को नोटिस जारी किया है।

यह कार्रवाई स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़ के मार्गदर्शन में की गई। इस मामले में हेल्पलाइन पर शिकायत मिली थी। इसके बाद औषधि निरीक्षक अमित लखनपाल ने मेसर्स पम्मी मेडिकोज पर रेड की। दुकान पर कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं। संचालक दवाओं की खरीद और बिक्री का रिकॉर्ड नहीं दिखा सका। जीवनरक्षक दवाओं के भंडारण में भी उल्लंघन था। इस पर टीम ने नौ प्रकार की दवाएं जब्त की।

जब्त दवाओं में टेपेंटाडोल, जोलपिडेम और अल्प्राज़ोलम युक्त कुल 100 गोलियां हैं। गर्भावस्था के चिकित्सकीय समापन की दो एमटीपी किट भी जब्त की हैं। वहीं इंसुलिन की 40 प्री-फिल्ड सिरिंज जब्त की गईं। जबकि इन्हें फ्रिज में निश्चित तापमान पर रखना अनिवार्य होता है।

जब्त की दवाओं की कीमत लगभग 87 हजार रुपये है। सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। दुकान संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। अधिकारियों ने कहा कि दवाओं को लेकर कार्रवाई जारी रहेगी।