बेंगलुरु। नकली फेस वॉश ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर बेचने का मामला दर्ज हुआ है। सीसीबी ने दवा कंपनी की शिकायत पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि लोकप्रिय फेस वॉश के नकली उत्पाद ऑनलाइन बेचे जा रहे हैं। इनके लिए कंपनी के नाम, विनिर्माण लाइसेंस संख्या और पैकेजिंग विवरण का इस्तेमाल हो रहा है। यह शिकायत नेमस फार्मास्युटिकल्स के एमडी श्रीधर कुमार शेट्टी ने दर्ज कराई है।

कंपनी का मुख्यालय बीटीएम लेआउट में स्थित है। धारवाड़ के बेलूर में इसकी कॉस्मेटिक विनिर्माण इकाई भी है। इस इकाई के पास विनिर्माण लाइसेंस है। कंपनी को एक ई-कॉमर्स पोर्टल से ग्राहक द्वारा खरीदे गए नकली एसएलसी फेस वॉश का पता चला। आरोप है कि यह उत्पाद एक विक्रेता खाते के नाम से बेचा जा रहा था। नकली उत्पाद का बैच नंबर SLFW/26H005 था। यह बैच नंबर कंपनी के विनिर्माण रिकॉर्ड में मौजूद नहीं है। इसका रंग, फ़ॉन्ट, डिज़ाइन असली उत्पाद से स्पष्ट रूप से भिन्न थी।