मुंबई। मैगी के पैकेट में कीड़े मिलने का दावा किया गया है। कल्याण इलाके में एक ग्राहक को मैगी नूडल्स के पैकेट में कीड़े और लार्वा मिला बताया गया है। ग्राहक के मुताबिक, नूडल्स तैयार करने के दौरान उसे पैकेट के अंदर कीड़े दिखाई दिए। पैकेट पर फरवरी 2027 की एक्सपायरी डेट दर्ज थी। ऐसे में उत्पाद की निर्धारित शेल्फ लाइफ पूरी होने से पहले उसमें खराबी आने पर सवाल उठे हैं।

घटना के बाद पैकेज्ड फूड की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। मामले की जांच के लिए महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) से शिकायत की है। संबंधित उत्पाद के नमूने प्रयोगशाला भेजने की मांग की गई है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आरोप कितने सही हैं। इस मामले पर नेस्ले इंडिया ने कहा कि उसे घटना की जानकारी मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए मिली है। प्रवक्ता ने कहा कि शिकायत की प्रामाणिकता को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाल सकते हैं। कंपनी अपने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्माण प्रक्रिया में कड़े नियंत्रण अपनाती है।

गुणवत्ता जांच कच्चे माल की खरीद से शुरू होती है। उत्पादन से लेकर पैकेजिंग तक जारी रहती है। सभी विनिर्माण संयंत्रों में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाएं लागू हैं।