हिसार (हरियाणा)। अवैध डेंटल हॉस्पिटल पर सीएम फ्लाइंग ने रेड की है। टीम ने एक निजी डेंटल हॉस्पिटल पर छापा मारा। वहां बिना किसी चिकित्सीय योग्यता के मरीजों का इलाज किया जा रहा था। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई। कार्रवाई का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने किया।
यह है मामला
सीएम फ्लाइंग टीम को सूचना मिली थी कि गेरा डेंटल में अवैध रूप से उपचार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रेड की। क्लिनिक के दस्तावेजों सहित वहां कार्यरत लोगों की जांच की। सामने आया कि क्लिनिक किसी भी सरकारी अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत नहीं था। मौके पर कोई वैध लाइसेंस, ओपीडी रजिस्टर या पंजीकृत डॉक्टर से संबंधित रिकॉर्ड नहीं मिला। प्रदीप कुमार नामक युवक केवल 9वीं कक्षा तक पढ़ा हुआ बताया गया। वह डेंटल चेयर पर बैठकर मरीजों की जांच कर रहा था। दवाइयां दे रहा था और उनसे पैसे भी वसूल रहा था।
टीम ने मौके पर मौजूद मरीजों से पूछताछ की तो उन्होंने भी इसकी पुष्टि की। क्लिनिक संचालक महेंद्र बजाज ने बताया कि क्लिनिक डॉ. तरुण गेरा द्वारा संचालित किया जाता है। मौके पर डॉ. तरुण गेरा के नाम से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं मिला। इससे टीम को संदेह हुआ कि अस्पताल अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। क्लिनिक ने हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से भी आवश्यक अनुमति नहीं ली हुई थी। मेडिकल वेस्ट के निपटान से संबंधित कोई व्यवस्था भी नहीं मिली।
गांव सिसाय काली रावण निवासी राकेश ने बताया कि वह दांतों का इलाज करवाने क्लिनिक में आए थे। यहां प्रदीप नामक युवक ने उनकी जांच कर दवाइयां दी। मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को सौंप दी है और आगामी कार्रवाई पुलिस द्वारा की जाएगी।










