मुजफ्फरपुर। होम्योपैथी दवा की बोतलों में स्प्रिट सप्लाई का भंडाफोड़ हुआ है। उत्पाद विभाग ने नकली शराब बनाने के लिए मंगाई गई स्प्रिट को जब्त किया है। मौके से एक धंधेबाज को भी गिरफ्तार किया है। स्प्रिट की खेप को होम्योपैथी दवा का लेबल लगे बोतल में लाया गया था। सभी बोतलों पर व्हीजल होम्योपैथी सिपिया छह लिखा है। उत्पाद विभाग ने यह कार्रवाई एक मुर्गा फार्म एवं झोपड़ी में छापेमारी कर की है।

यह है मामला

उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान सूरज कुमार के रूप में हुई है। जबकि सुमित पटेल फरार हो गया। सुमित के मुर्गा फार्म और झोपड़ी से स्प्रिट जब्त की गई। इस मामले में मास्टरमाइंड मुशहरी का राजा कुमार है। दूसरे प्रदेश से वह स्प्रिट मंगाकर सप्लाई करता है। मुशहरी में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज है। जब्त स्प्रिट 325 लीटर बताई गई है। गोपालगंज से बस से स्प्रिट की खेप मंगाई गई थी। इसकी सूचना मिलने पर छापेमारी की गई।

बैरिया में बस से इसे अनलोड कर आटो से आपूर्ति करने धंधेबाज ले जा रहा था। पताही हवाईअड्डा के पास घेराबंदी कर उसे दबोचा गया। बोतल खोलकर जांच की तो इसमें से स्प्रिट मिला। ऑटो चालक सूरज को दबोचने के बाद उससे पूछताछ की गई। उसने सुमित पटेल के ठिकाने की जानकारी दी। वहां पहुंचकर टीम ने छापेमारी की तो बोरियो के पीछे छुपाकर रखी गई स्प्रिट मिली। अलकोहल की मात्रा मापने वाला थर्मामीटर भी मिला।