जयपुर (राजस्थान)। सर्दी-खांसी की दवा Genvol SF जांच में फेल मिली है। इसके चलते औषधि विभाग ने इस दवा की बिक्री रोक दी है।
यह है मामला
इस मौसम में सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी बीच जेनोवोल एसएफ दवा गुणवत्ता परीक्षण में अमानक मिली है। यह दवा आमतौर पर सर्दी, खांसी के इलाज में दी जाती है। औषधि नियंत्रक अजय फाटक ने बताया कि अमानक मिली दवा के निर्माता बी शारदा लाइफ साइंसेज, गुजरात के खिलाफ जांच की जाएगी। इस कंपनी की बनी अन्य दवाओं के सैंपल लेकर भी जांच के लिए भेजे जाएंगे। इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि कहीं अन्य दवाएं भी अमानक तो नहीं हैं।
औषधि विभाग की जांच में दवा में कई गंभीर खामियां पाई गईं। दवा में एंब्रोक्सोल हाइड्रोक्लोराइड की घोषित मात्रा 15 मिलीग्राम थी। परीक्षण में यह केवल 10.35 मिलीग्राम पाई गई। जोकि निर्धारित मानक से करीब 69 प्रतिशत कम है। इसी तरह मेंथॉल की घोषित मात्रा 1 मिलीग्राम थी। जबकि जांच में यह मात्र 0.639 मिलीग्राम पाई गई। दवा में डीईजी (डाइएथिलीन ग्लाइकोल) जैसे हानिकारक रसायन का स्तर 0.584 प्रतिशत मिला। जबकि इसका मानक स्तर 0.1 प्रतिशत से कम होना चाहिए। डीईजी की अधिक मात्रा स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है।










