रीवा (मध्य प्रदेश)। नशीली दवा की तस्करी करता एक प्रेमी जोड़ा पकड़ा गया है। तस्कर अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। स्कूटी से गर्लफ्रेंड और बॉयफ्रेंड तस्करी कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर रीवा पुलिस ने दोनों को अरेस्ट कर लिया है। अब पूछताछ की जा रही है कि ये लोग कहां से नशीली दवा ला रहे थे।
यह है मामला
स्कूटी से होने की वजह से इन पर कोई शक नहीं करता था। इनके पास से 110 सीसी कोरेक्स मिला है। दोनों स्कूटी से अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे। यह प्रतिबंधित दवाओं में से एक है। कोरेक्स की बिक्री पर प्रतिबंध है। इसका इस्तेमाल कई लोग नशे के लिए करते हैं। विंध्य क्षेत्र के अलग-अलग जिलों में इसकी सप्लाई गुपचुप तरीके से की जाती है।
गर्लफ्रेंड के साथ करता था काम
गुप्त सूचना के आधार पर रीवा जिले की कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की है। आरोपी चुन्नू उर्फ दुर्गेश प्रजापति पुलिस को गुमराह करने के लिए अपनी प्रेमिका मधु साकेत को लेकर प्रतिबंधित दवा कोरेक्स की सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया और दोनों को जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि रीवा जिले में बड़ी मात्रा में कोरेक्स की तस्करी हो रही है। दूसरे राज्यों के लोग भी यहां लाकर सप्लाई कर रहे हैं। आए दिन किसी न किसी जिले में आरोपी पकड़े जा रहे हैं। इसके बावजूद भी तस्करी रुक नहीं रही है।